
सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न में आज दिन मंगलवार की सुबह एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जब ताली से लेकर बिलौंजी तक के मुख्य मार्ग पर सड़क पर भारी मात्रा में बालू बिखरी मिली। बताया जा रहा है कि कचनी माजन मोड़ की ओर से नवजीवन बिहार की तरफ जाते समय किसी वाहन से बालू गिर गई, लेकिन इसकी मात्रा इतनी अधिक थी कि सड़क कुछ देर के लिए फिसलन भरा जाल बन गई।
सुबह के समय जब लोग रोजमर्रा के काम से निकल रहे थे, तभी कई बाइक सवार रेत पर फिसलकर गिर पड़े और घायल हो गए। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन यह घटना प्रशासनिक लापरवाही की ओर साफ इशारा कर रही है। सवाल यह है कि मुख्य मार्ग पर इतनी बड़ी मात्रा में रेत कैसे गिरी और जिम्मेदार वाहन पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई ?
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिक निगम के सफाई कर्मी मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में सड़क से बालू हटाने का काम शुरू किया। इस दौरान आसपास के मोहल्ले के लोग भी खुद फावड़ा उठाकर रेत हटाने में जुट गए, ताकि अन्य लोग हादसे का शिकार न हों।अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि खनिज परिवहन पर निगरानी कहां है, क्या बिना ढंके वाहन खुलेआम रेत ढो रहे हैं और आम लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है। स्थानीय लोगों ने दोषी वाहन चालक व ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
