लखनऊ, 9 जुलाई (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी ने भारत की आन, बान और शान की रक्षा तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका त्याग और बलिदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को बांदा जिले के कालू कुआं चौराहे पर वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण करना उनके लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रनायकों और वीरों-वीरांगनाओं को बांदा के प्रमुख स्थलों पर सम्मान देकर वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए एक नया आदर्श प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि लगभग तीन वर्ष पूर्व भी उन्हें बांदा में दो महत्वपूर्ण प्रतिमाओं के अनावरण का अवसर मिला था और आज वीरांगना अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण उस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि बांदा का सिटी डेवलपमेंट प्लान, विकसित होती सड़कें और अन्य विकास कार्य योजनाबद्ध विकास के सकारात्मक परिणामों को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय पूरे देश में स्वतंत्रता की प्रबल आकांक्षा थी। बैरकपुर में मंगल पांडे ने क्रांति की चिंगारी जलाई, मेरठ में धन सिंह गुर्जर ने उसका नेतृत्व किया, कानपुर के बिठूर में तात्या टोपे ने उसे आगे बढ़ाया और झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई ने अदम्य वीरता का परिचय दिया। इसी महान परंपरा में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी ने भी राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि आज भले ही रानी अवंती बाई हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका साहस, संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। प्रतिमा स्थापना से जुड़े सभी लोगों का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं, तब महापुरुषों और राष्ट्रनायकों को उचित सम्मान मिलता है। यह सम्मान उन वीरों-वीरांगनाओं के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानकर अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। उन्होंने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की स्मृतियों को कोटि-कोटि नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
