जयस्तंभ चौराहे पर नशेड़ी का हाई-वोल्टेज ड्रामा, राहगीरों और युवतियों पर बरसाए डंडे

गुना: शहर का हृदय स्थल माना जाने वाला जयस्तंभ चौराहा अचानक रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। आमतौर पर ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी और चालानी कार्रवाई के लिए चर्चा में रहने वाले इस व्यस्ततम चौराहे पर एक नशेड़ी व्यक्ति ने हाथ में डंडा लेकर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान काफी देर तक चौराहे पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। दरअसल,एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति, जो पूरी तरह नशे में धुत था, हाथ में एक बड़ा सा डंडा लेकर रोटरी के पास पहुँच गया। उसने बिना किसी कारण के चौराहे से गुजर रहे दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों पर अचानक डंडे बरसाना शुरू कर दिए।

नशेड़ी के इस हिंसक व्यवहार से वाहन चालक खौफजदा हो गए और खुद को बचाने के लिए वहां से भागते नजर आए। हद तो तब हो गई जब इस उत्पाती व्यक्ति ने बाजार जा रही युवतियों को भी निशाना बनाया और उनकी स्कूटी पर डंडे से हमला कर दिया। गनीमत यह रही कि उसी समय वहां से कुछ मीडियाकर्मी गुजरे, जिन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस का एक जवान मौके पर पहुँचा और कड़ी मशक्कत के बाद डंडा लहरा रहे व्यक्ति को काबू में कर पकड़ लिया। पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली थाने ले गई, जिसके बाद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस नहीं पहुँचती, तो कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती थी या किसी राहगीर को गंभीर चोट आ सकती थी।

Next Post

आंचलिक विज्ञान केन्द्र में महिला दिवस पर विज्ञान कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू, छात्राओं को STEM से जोड़ने की पहल

Sat Mar 7 , 2026
भोपाल:आंचलिक विज्ञान केन्द्र भोपाल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर Give to Gain थीम के तहत 6 से 8 मार्च तक विशेष विज्ञान कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य बालिका विद्यार्थियों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के प्रति रुचि बढ़ाना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण […]

You May Like

मनोरंजन