निर्माण कार्यों में लापरवाही पर नाराज हुए नगरीय प्रशासन आयुक्त

छिंदवाड़ा। नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान शहर में चल रहे विभिन्न नगरीय विकास और निर्माण कार्यों का जमीनी जायजा लिया। निरीक्षण के पश्चात आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कड़े निर्देश जारी किए। समीक्षा बैठक के दौरान रॉ वाटर ग्रेविटी पाइप लाइन विस्तार कार्य में लापरवाही और सुस्ती बरतने पर आयुक्त संकेत भोंडवे ने जियो मिलर कंपनी को 15 दिनों का अंतिम अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होता है, तो कंपनी की बैंक गारंटी राजसात करते हुए उसका अनुबंध तत्काल समाप्त (टर्मिनेट) कर दिया जाए। इससे पूर्व आयुक्त श्री भोंडवे ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र में बन रहे फायर स्टेशन का अवलोकन किया और गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने फायर स्टेशन के आसपास के वृक्षों को हटवाने और बाउंड्रीवाल का निर्माण आगामी 2 माह में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने विश्वबैंक सहायतित सीवरेज परियोजना के तहत बने मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) की कार्यप्रणाली और नगर निगम कार्यालय की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

बैठक के अन्य प्रमुख निर्देश ००००

सीवरेज और मैनहोल : अमृत 2.0 के तहत चल रहे सीवरेज कार्यों को आगामी 2 माह के भीतर पूर्ण करने और मैनहोल निर्माण में केवल प्रीकास्ट तकनीक का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

पेयजल व्यवस्था एवं कलर कोडिंग : शुद्ध पेयजल की पहचान के लिए निकाय के टैंकरों की कलर कोडिंग होगी। शुद्ध पेयजल के लिए नीला और अन्य उपयोग के पानी के लिए पीला टैंकर निर्धारित रहेगा। इसके अलावा, पानी की नियमित लैब टेस्टिंग, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए जल मात्रा तय करने, बोरवेल का ऑडिट करने और आवश्यकतानुसार निजी कुओं व बोरवेल के अधिग्रहण के निर्देश दिए गए।

आवास और शहरी प्रोजेक्ट : बी.एल.सी. 1.0 की किश्त की डिमांड भेजने तथा आगामी समय में एएचपी प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा गया। इसमें ई.डब्ल्यू.एस., एल.आई.जी. और एम.आई.जी. आवासों के साथ शासकीय व व्यावसायिक निर्माणों को शामिल कर 3 का एफएआर लेने के निर्देश दिए गए। ट्रांसपोर्ट नगर और बस टर्मिनल: ट्रांसपोर्ट नगर का प्रोजेक्ट संचालनालय स्तर पर एम.पी.यू.डी.सी. को सौंपने और बस टर्मिनल के कार्य को फिलहाल रोककर पुन: समीक्षा के बाद शुरू करने के निर्देश दिए गए।

इनकी रही उपस्थिति००००००

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान एम.पी.यू.डी.सी. के प्रमुख अभियंता आनंद सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कार्यपालन यंत्री जीवेंद्र सिंह, नगर निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त सी.पी. राय, एम.पी.यू.डी.सी. के परियोजना प्रबंधक गोपाल गुप्ता सहित विभाग और निगम के अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Next Post

रिश्ते को कलंकित करने वाले मौसिया को 10 वर्ष की सजा

Fri Nov 13 , 2026
छिंदवाड़ा. विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट तृप्ति पाण्डे द्वारा देहात थाना की ओर से प्रस्तुत नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी मौसिया को धारा 64 (2) (एफ), 64(2) एम, बीएनएस के तहत 10 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 6000 रू अर्थदंड से दंण्डित किया गया। घटना का संक्षिप्त […]

You May Like