इंदौर:शहर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इंदौर पुलिस ने शनिवार रविवार की दरमियानी रात मेगा अभियान चलाया. देर रात से सुबह तक चली विशेष चेकिंग के दौरान 511 बदमाशों और संदिग्धों पर कार्रवाई की गई. अभियान में 222 से अधिक लंबित वारंट तामील किए गए, जबकि शराब पीकर वाहन चलाने वाले 201 चालकों पर भी कार्रवाई हुई.
पुलिस ने अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 17 लोगों और मादक पदार्थ का सेवन करते मिले तीन लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किए. वहीं, अलग अलग थाना क्षेत्रों में एक चाकू और एक खंजर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान आदतन अपराधियों को थानों में बुलाकर उनके डोजियर अपडेट किए और दोबारा अपराध करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई. शहर के संवेदनशील इलाकों, हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी के साथ पैदल गश्त भी की गई. पुलिस ने क्षेत्र में जनसंवाद कर लोगों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया.
222 से ज्यादा वारंट तामील, 60 आदतन बदमाशों पर भी शिकंजा
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में 222 से अधिक लंबित वारंट तामील किए. इनमें 56 स्थायी, 61 गिरफ्तारी और 105 जमानती वारंट शामिल हैं. वहीं आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 60 लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई. सभी को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी गई.
ड्रोन से निगरानी, नशाखोरों और हथियारबंद आरोपियों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने शहर के हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन के जरिए निगरानी रखी. सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले 17 लोगों और मादक पदार्थ का सेवन करते पाए गए तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए. अलग अलग थाना क्षेत्रों में चाकू और खंजर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई.
पुलिस पूरी सख्त कार्रवाई कर रही है
वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है. लोगों से भी कानून का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील है.
डीसीपी क्राइम, राजेश त्रिपाठी
