अठाना: जावद विधानसभा क्षेत्र के लिए दिल्ली से बड़ी खुशखबरी आई है। क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और अधोसंरचना को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद के लोकप्रिय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने अपने पुत्र ऋषभ सखलेचा के साथ नई दिल्ली में देश के दिग्गज नेता एवं केंद्रीय सडक़ परिवहन व राजमार्ग मंत्री माननीय नितिन गडकरी जी से आत्मीय सौजन्य भेंट की। यह भेंट केवल औपचारिक नहीं बल्कि जावद के भविष्य को तय करने वाली निर्णायक बैठक साबित हुई। बैठक के दौरान विधायक सखलेचा ने जावद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जर्जर सडक़ों के सुदृढ़ीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के विस्तार, नए ब्रिज निर्माण, बायपास और ग्रामीण कनेक्टिविटी से जुड़े दर्जनों महत्वपूर्ण प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्री गडकरी जी ने प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सडक़ें केवल यातायात का साधन नहीं बल्कि विकास की रीढ़ हैं और जावद जैसे ग्रामीण अंचल में बेहतर सडक़ें रोजगार, व्यापार और जनसुविधा का आधार बनेंगी। इसी विजन के तहत जावद क्षेत्र के प्रस्तावों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई है। विधायक सखलेचा ने बताया कि जावद में हो रहे समस्त विकास कार्य देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के विजन के अनुरूप किए जा रहे हैं और आने वाले समय में विकास की यह गति और भी तेज होगी। इस हाई-प्रोफाइल बैठक के बाद जावद क्षेत्र को सडक़, ब्रिज और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने की प्रबल संभावना है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और जनता में उम्मीद जगी है कि जल्द ही जावद की तस्वीर बदलेगी।
