
दमोह। मप्र कृषि विस्तार अधिकारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर चल रहे चरणबद्ध आंदोलन के तहत 17 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में जिला स्तर पर कलमबंद हड़ताल की जा रही है। गुरुवार को इस आंदोलन का जिला स्तर पर अंतिम दिवस रहा।कृषि विस्तार अधिकारियों का कहना है कि वे ई-एचआरएमएस प्रणाली में ऑनलाइन अटेंडेंस के विरोध में आंदोलनरत हैं। वर्तमान परिस्थितियों में इसके क्रियान्वयन से उन्हें व्यावहारिक व प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।संघ के अध्यक्ष प्रहलाद सिंह लोधी, उपाध्यक्ष शीतल पटेल,भोलाराम रैकवार,सचिव गुरुचरण पटेल, कोषाध्यक्ष दुर्गेश पटेल, संगठन मंत्री दीपक शेवानी,प्रचार मंत्री दिनेश पटेल और प्रवक्ता पुष्पराज सिंह और भी
पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध ऑनलाइन अटेंडेंस की व्यवस्था से नहीं है, बल्कि मांग है कि इसे लागू करने से पहले मूलभूत व सेवा संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाए।प्रमुख मांगों में मुख्यालय पर शासकीय आवास की व्यवस्था की जाए तकनीकी पद के अनुरूप ग्रेड प्रदान किया जाए। अतिरिक्त केंद्रों के प्रभार का मानदेय बढ़ाया जाए। पदाधिकारियों ने बताया कि अक्सर कृषि विस्तार अधिकारियों को एक केंद्र के साथ 2, 3 या 4 अतिरिक्त केंद्रों का प्रभार भी दिया जाता है, जिसके लिए पर्याप्त मानदेय नहीं मिलता।संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
