
नीमच। एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के नई बावल गांव की रहने वाली 25 वर्षीय महिला ने समाज के तानों और दूसरी शादी को लेकर बनाए गए दबाव से परेशान होकर जहर खा लिया। फिलहाल, जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामला जावद थाना क्षेत्र का है।
माता-पिता ने साथ रखने से मना कर दिया था
परिजनों के अनुसार, महिला ने तीन महीने पहले प्रवीण नाम के शख्स से दूसरी शादी की थी। इससे पहले उसकी शादी करीब सात साल पहले रामपुरा में हुई थी। राखी पर मायके आने के बाद माता-पिता ने उसे साथ रखने से मना कर दिया। इसके बाद महिला ने प्रवीण के साथ विवाह कर लिया।
6 दिसंबर को पंचायत, 14 साल के लिए निकाला
प्रवीण का आरोप है कि दूसरी शादी से नाराज समाज के लोगों ने 6 दिसंबर को पंचायत बुलाई। इसमें समाज के अध्यक्ष कारूलाल रैगर, उपाध्यक्ष मोहनलाल रैगर सहित अन्य पदाधिकारियों ने पति-पत्नी पर 9 लाख 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया और 14 साल के लिए समाज से बाहर करने का फैसला सुनाया। पंचायत में करीब 500 लोग मौजूद थे।
पति बोला- लगातार तानों से टूट गई लक्ष्मी पति प्रवीण का कहना है कि पंचायत के फैसले के बाद से महिला को लगातार ताने दिए जा रहे थे और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था। इसी तनाव में आकर उसने जहर खा लिया। हालत बिगडऩे पर प्रवीण उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद प्रवीण ने प्रशासन से समाज के जिम्मेदार पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इतना बड़ा जुर्माना भरना उनके लिए संभव नहीं है और सामाजिक दबाव के चलते उनकी आर्थिक व मानसिक स्थिति भी खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी कुप्रथाएं समाज में वर्षों से चली आ रही हैं, जिन पर रोक लगना जरूरी है।
