
ग्वालियर। गिरवाई थाना क्षेत्र के बेल की बावड़ी इलाके में मामूली कहासुनी ने एक किराना व्यापारी की जान ले ली। सामान खरीदने को लेकर हुए विवाद में सात लोगों ने दुकान संचालक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यापारी ने आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय रामनिवास गुर्जर के रूप में हुई है, जो बेला की बावड़ी में किराना दुकान चलाते थे।
15 को हुई कहासुनी, 16 को कार से आए हमलावर
परिजनों के अनुसार वारदात की शुरुआत 15 अगस्त को हुई थी। मृतक के भतीजे अमन गुर्जर ने बताया कि 15 अगस्त को आरोपी मेहताब गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर दुकान पर सामान खरीदने आए थे। सामान को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। इसी बात को लेकर आरोपियों ने रंजिश पाल ली।
आरोप है कि 16 अगस्त की शाम करीब 8 बजे मेहताब और साहब सिंह अपने पांच अन्य साथियों के साथ कार से दुकान पर पहुंचे। सभी के हाथों में लाठी-डंडे थे। दुकान पर पहुंचते ही उन्होंने रामनिवास और उनके भतीजे अमन पर हमला बोल दिया। हमले में रामनिवास के सिर, आंख और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। लहूलुहान हालत में वह दुकान के सामने ही गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
इलाज के दौरान मौत
परिजन गंभीर हालत में रामनिवास को 17 अगस्त को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती करवाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन चोटें गहरी होने के कारण उन्होंने आज गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आज पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों और ग्रामीणों का तांता लगा रहा। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले में गिरवाई सीएसपी शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि मृतक के भतीजे की शिकायत पर मेहताब सिंह गुर्जर, साहब सिंह गुर्जर सहित 5 अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
