गादी आइजनकोट ने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को ‘मैराथन’ गठबंधन वार्ता के लिए आमंत्रित किया

तेल अवीव, 22 नवंबर (वार्ता) इजरायल में नयी गठबंधन सरकार बनाने के जारी गतिरोध को दूर करने के लिए याशर पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट ने लिकुड पार्टी को मैराथन दौर की गठबंधन वार्ता के लिए आमंत्रित किया है।

मध्यमार्गी याशर पार्टी ने कहा कि ये बातचीत रविवार से शुरू होने वाली है। यह एक ऐसी सरकार बनाने की ईमानदार और सच्ची कोशिश है, जो यथासंभव व्यापक हो।

पार्टी ने कहा, “याशर की वार्ता टीम कोई कसर नहीं छोड़ेगी, साहसिक कदम उठाएगी और एक ऐसा रास्ता निकालेगी जिससे सरकार का गठन हो सके।”

इज़रायल में अक्टूबर के विधायी चुनावों के बाद श्री नेतन्याहू और श्री आइजनकोट दोनों ही गुट 120 सीटों वाली संसद (नेसेट) में बहुमत हासिल करने में विफल रहे। ऐसे में नयी सरकार बनाने के लिए श्री आइजनकोट के पास दिसंबर की शुरुआत तक का समय है। श्री नेतन्याहू के खेमे को 53 सीटें मिलीं, जबकि याशर पार्टी के नेतृत्व वाले विपक्ष को 48 सीटें हासिल हुईं।

इज़रायल में जिस उम्मीदवार को सरकार बनाने का काम सौंपा जाता है, उसके पास ऐसा करने के लिए 28 दिन होते हैं। ज़रूरत पड़ने पर राष्ट्रपति इस समय-सीमा को अधिकतम 14 दिनों तक और बढ़ा सकते हैं।

शनिवार को लिकुड पार्टी ने ‘राष्ट्रीय एकता सरकार’ बनाने के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट किया, जिसकी वकालत श्री नेतन्याहू भी कर रहे हैं। लिकुड पार्टी ने मांग की है कि श्री नेतन्याहू और सरकार के खिलाफ होने वाले सभी व्यक्तिगत हमलों, उकसावे की कार्रवाई और राजनीतिक बहिष्कार को रोका जाए।

उन्होंने इसके अलावा एक संयुक्त घोषणापत्र की भी मांग की, जिसमें एक ऐसी एकता सरकार बनाने का संकल्प हो, जिसमें वे सभी दल शामिल हों जो इज़रायल राज्य को यहूदी लोगों के राष्ट्र-राज्य के रूप में स्वीकार करते हैं।” इसमें अरब दलों को शामिल न करने की बात कही गई है, जिन्होंने पिछले महीने हुए चुनावों में कुल 19 सीटें जीती थीं।

श्री आइजनकोट ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, “लिकुड के साथ बातचीत को लेकर हम ईमानदार और सच्ची कोशिशें कर रहे हैं। लेकिन दुर्भाग्य से उनके कथनी और करनी में तथा लिकुड के बयानों और सहयोग करने की उनकी वास्तविक इच्छा के बीच बहुत बड़ा अंतर है।” उन्होंने कहा कि उनका इरादा एक व्यापक गठबंधन बनाने के लिए हमारे सामने मौजूद हर विकल्प पर सफलता पाने की कोशिश जारी रखने का है लेकिन वे इसे लंबा खींचना नहीं चाहते।

उन्होंने कहा, “उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि सही समय आने पर मैं अपने नेतृत्व में एक नयी और मजबूत सरकार को मंजूरी के लिए नेसेट (संसद) के सामने लाऊंगा।”

.....

Next Post

मेरी अपील पर लोगों ने नहीं खरीदा सोना', PM मोदी बोले- बच गए देशवासियों के पैसे

Sun Nov 22 , 2026
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोने की कीमतों में आई गिरावट का जिक्र करते हुए कहा कि करीब एक साल पहले देशवासियों से की गई उनकी अपील का लोगों ने पालन किया। उन्होंने लोगों से कहा था कि अगर बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना खरीदने से […]

You May Like