भोपाल:मध्यप्रदेश में फरवरी का महीना इस बार अस्थिर मौसम के साथ गुजर रहा है। गुरुवार सुबह राजधानी भोपाल में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश ने दिन की शुरुआत कराई। वहीं ग्वालियर-चंबल अंचल सहित प्रदेश के कई जिलों में वर्षा और ओलावृष्टि दर्ज की गई।जानकारी के अनुसार ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर और दतिया जिलों में कहीं-कहीं ओले गिरे, जबकि भोपाल, सीहोर, विदिशा और रायसेन में बारिश हुई। मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के आठ जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। फरवरी में यह तीसरी बार है जब मौसम ने अचानक करवट ली है। तापमान में उतार-चढ़ाव और बादलों की आवाजाही से मौसम में अस्थिरता बनी हुई है।विशेषज्ञों का अनुमान है कि आगामी एक-दो दिन तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट संभव है। लगातार बदलते मौसम ने आमजन और किसानों दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
