नयी दिल्ली, 05 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने राष्ट्रीय राजधानी में आयुष्मान भारत योजना को लागू किये जाने का स्वागत किया है और कहा है कि यह अच्छी बात है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को यहां के अस्पतालों की बदहाल हालत को दुरुस्त करने को लेकर तत्काल कदम उठाने चाहिए, क्योंकि कांग्रेस की दिल्ली सरकार द्वारा बनाए गए अस्पतालों में केजरीवाल सरकार की विफलताओं के कारण डॉक्टर, नर्स, अर्धचिकित्सकीय कर्मचारी की भारी कमी है।
श्री यादव ने शनिवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यहां के अस्पतालों में अधिकतर ऑपरेशन थियेटर बंद पड़े हैं, मरीजों के लिए दवाई उपलब्ध नहीं है और जांच आदि की सुविधाएं तक न के बराबर है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार की आयुष्मान योजना की सच्चाई यह है कि 145 करोड़ की जनसंख्या के अनुपात में देश भर में मात्र 25 लाख आयुष्मान वंदना कार्ड बने है और सिर्फ 32000 अस्पतालों में ही इस कार्ड के तहत इलाज हो सकता है. जिनमें 14000 से ज्यादा निजी अस्पताल हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना का लाभ सभी लोगों के लिए नहीं है, अगर किसी के पास दो पहिया वाहन है, घर में टीवी है, या किसी का पक्का मकान है, तो यह लोग आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिलेगा। भाजपा आयुष्मान योजना का ढिंढोरा तो पीट रही है लेकिन इस योजना का लाभ लेने के लिए जो शर्तें है उनके अनुसार हर किसी का इलाज संभव नही होगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना को लागू करने के लिए दिल्ली और केन्द्र सरकार के बीच हस्ताक्षर होने के बाद 10 अप्रैल तक कम से कम एक लाख लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि दिल्ली में एक अनुमान के अनुसार चार लाख से अधिक 70 वर्ष से ज्यादा उम्र वाले लोग रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार यह दावा कर रही है कि दिल्ली में रहने वाला हर गरीब और जरूरतमंद नागरिक आयुष्मान कार्ड बनवाकर 10 लाख रुपये तक का मेडिकल कवर ले सकेगा, जो सिर्फ एक जुमला साबित होगा।
उन्होंने कहा,“मैं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पूछना चाहता हूं कि आयुष्मान योजना के तहत कार्ड बनाने और मेडिकल कवर देने की क्या योजना है? क्योंकि दिल्ली में तीन करोड़ की जनसंख्या में अगर कम से कम 10 प्रतिशत लोग भी आयुष्मान कार्ड के तहत मेडिकल कवर के अंतर्गत लाभ मांगेंगे, तब सरकार लगभग 30 लाख लोगों का कैसे इलाज सुनिश्चित करेगी।”
श्री यादव ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना आज से दिल्ली में शुरू तो हो गई, लेकिन पहले चरण में इसका फायदा अंत्योदय अन्न योजना कार्ड धारकों को मिलेगा। एक अनुमान के मुताबिक दिल्ली में करीब 68 हजार अंत्योदय अन्न योजना कार्ड धारक है, अगर एक लाख में 68 हजार कार्ड इनके बनेंगे, तो भाजपा सरकार सिर्फ 32000 आयुष्मान कार्ड ही अन्य लोगों के बनाएंगी, जबकि मुख्यमंत्री यह भी कह रही है इनमें 70 वर्ष के वृद्धा को वरीयता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत मेडिकल सुविधा देने में मामले में भाजपा दिल्ली की जनता भ्रमित करने का काम कर रही है ।
