इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषित

लंदन 06 अगस्त (वार्ता) इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए जॉर्डन कॉक्स को टीम में शामिल किया है वह नंबर तीन पर बल्लेबाजी करेंगे। जैकब बेथेल के दाहिने घुटने में चोट के कारण तीन मैचों की इस सीरीज से बाहर होने के बाद उन्हें यह मौका मिला है। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने गुरुवार को पाकिस्तान के साथ होने वाली टेस्ट के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की। टीम में काउंटी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले डैन लॉरेंस को दो साल बाद टीम में वापस बुलाया गया है और वे नंबर 6 पर बल्लेबाजी करेंगे। बेन स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद खाली हुई ऑलराउंडर की जगह पर उनकी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी उन्हें मौका दिला सकती है।

पिछले साल सर्दियों में एशेज़ सीरीज़ के बीच में टीम से बाहर किए जाने के बाद ओली पोप की वापसी हुई है, जो अब अतिरिक्त विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर टीम में शामिल हैं। ब्राइडन कार्स और तेज गेंदबाज सैम कुक की भी वापसी हुई है। वहीं, ओली रॉबिन्सन भी टीम में शामिल हैं। इंग्लैंड के नए मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग, मार्कस ट्रेस्कोथिक के साथ चयन प्रक्रिया में शामिल थे। स्टोक्स की जगह टेस्ट कप्तान के तौर पर वापसी के बाद यह पहली टीम है जिसकी कमान जो रूट संभालेंगे। 2022 में छोड़ी गई इस भूमिका में वापसी के बाद उनका पहला मैच उनके होम ग्राउंड, हेडिंग्ले में होगा, जहाँ 19 अगस्त से पहला टेस्ट शुरू होगा।

इंग्लैंड के राष्ट्रीय चयनकर्ता मार्कस नॉर्थ ने कहा, “हमने शुरुआती दो टेस्ट मैचों के लिए ऐसी टीम चुनी है जिसमें उभरते हुए टैलेंट और मज़बूत पाकिस्तान टीम के खिलाफ़ ज़रूरी अनुभव के बीच संतुलन है।” “डैन लॉरेंस सरे के साथ अब तक के शानदार सीज़न के बाद वापसी कर रहे हैं और हमें लगता है कि हमारे मिडिल ऑर्डर को मज़बूत करने के लिए उनके पास सही अनुभव, समझदारी और हुनर है। जॉर्डन कॉक्स को इंग्लिश क्रिकेट के सबसे रोमांचक टैलेंट में से एक माना जाता है और उन्हें जैकब बेथेल की जगह नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने का मौका मिलेगा, जो दुर्भाग्य से चोट के कारण यह सीरीज़ नहीं खेल पाएंगे।” पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टेस्ट टीम इस प्रकार है:- जो रूट (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्स, सैम कुक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, डैन लॉरेंस, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, जेमी स्मिथ और जॉश टोंग।

.....

Next Post

करंदलाजे ने एमएसएमई डिजिटल खरीद पर जारी की सर्वेक्षण रिपोर्ट, 80 प्रतिशत इकाइयों ने डिजिटल खरीद को भविष्य के लिए अहम माना

Thu Aug 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्य मंत्री तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने डिजिटल बाजार मंचों के जरिए छोटी मझोली इकाइयों की खरीद पर इंडिया एसएमई फोरम (आईएसएफ) की विस्तृत सर्वे रिपोट ‘डिजिटल भारत: इंडिया डिजिटल प्रोक्योरमेंट रिपोर्ट 2026’ जारी […]

You May Like