लाहौर, 30 मार्च (वार्ता) पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2026 में गेंद से छेड़छाड़ मामले में पाकिस्तान के स्टार खिलाड़ी फखर जमान पर कम से कम एक मैच का प्रतिबंध लग सकता है। फखर जमान ने रविवार को पीएसएल 2026 के मैच में लाहौर कलंदर्स की कराची किंग्स के हाथों चार विकेट की हार के दौरान गेंद से छेड़छा की यह घटना सामने आयी थी। यह घटना किंग्स के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान आखिरी ओवर की शुरुआत में हुई। उस समय मैदानी अंपायर फैसल अफरीदी ने हारिस रऊफ से गेंद निरीक्षण के लिए ले ली थी, क्योंकि गेंद शाहीन शाह अफरीदी और फखर के बीच एक-दूसरे को पास की गई थी। फैसल ने दूसरे ऑन-फील्ड अंपायर शरफुद्दौला के साथ लंबी चर्चा की और दोनों ने गेंद से छेड़छाड़ होने का संदेह जताते हुए उसे बदलकर दूसरी गेंद लाने का फैसला किया।
किंग्स को पांच पेनल्टी रन दिए गए और उनके बैट्समैन – खुशदिल शाह और आजम खान – को दूसरी गेंद चुनने की इजाजत दी गई।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक बयान के अनुसार, कलंदर्स के इस खिलाड़ी पर लेवल-III का अपराध करने का आरोप लगाया गया है। पीएसएल सीजन में पहली बार ऐसा उल्लंघन करने पर कम से कम एक मैच और अधिक से अधिक दो मैचों का प्रतिबंध लग सकता है। मैच रेफरी रोशन महानामा अगले दो दिनों में इस मामले की सुनवाई करेंगे और फखर इस आरोप का बचाव करेंगे। पांच पेनल्टी रन किंग्स के लिए अहम साबित हुए, क्योंकि उन्होंने आखिरी छह गेंदों पर 14 रन से छह गेंदों पर नौ रन कर दिए। अब्बास अफरीदी ने रऊफ को एक चौका और एक छक्का लगाकर मैच दो लीगल गेंदों में ही जीत लिया। इसके अलावा, किंग्स के हसन अली पर 19वें ओवर में हसीबुल्लाह के विकेट का जश्न मनाने के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। उनके काम को लेवल-I का अपराध माना गया, जिसने पीएसएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन किया।

