नवविवाहिता ने लगाई फांसी, आठ महीने पहले ही हुई थी शादी 

इंदौर. मल्हारगंज थाना क्षेत्र में आठ माह पहले शादी हुई 27 वर्षीय नवविवाहिता की फांसी लगाने से मौत हो गई. बड़ा गणपति स्थित शीतला माता मंदिर वाली गली में हुई इस घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हो गए. मायके पक्ष ने दहेज में 15 लाख रुपए की मांग करने और न दे पाने के कारण प्रताड़ित करने और हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है और आरोपों की जांच शुरू कर दी है.

मृतका शिवानी मूल रूप से कम्पेल की रहने वाली थी. उसका विवाह 3 फरवरी को बड़ा गणपति क्षेत्र निवासी लोकेश से हुआ था. परिजनों ने पुलिस को बताया कि शादी के दौरान भी दहेज को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था. लेकिन, समाज के वरिष्ठजनों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था. मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद भी शिवानी से 15 लाख रुपए की मांग की जा रही थी और इसे लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था.

मायके वालों को हत्या कर शव लटकाने की आशंका

गुरुवार को मायके वालों को शिवानी के फांसी लगाने की सूचना मिली. वे जब पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग वहां नहीं मिले. इसके बाद मायके वालों ने हत्या कर शव फांसी पर लटकाने की आशंका जताई. पुलिस ने शव जिला अस्पताल पहुंचाकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. फिलहाल पुलिस मर्ग जांच के साथ मायके पक्ष के आरोपों और घटना की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है.

Next Post

ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की होटल में मौत पर उठ रहे कई सवाल

Sat Sep 12 , 2026
इंदौर. एलएक्स होटल के कमरा नंबर 101 में ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की मौत का मामला अब कई सवालों के बीच उलझ गया है. सोनिला के होटल पहुंचने के करीब एक घंटे बाद पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल कमरे में पहुंचा था. करीब 40 मिनट बाद वह बाहर निकला और होटल स्टाफ […]

You May Like