ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की होटल में मौत पर उठ रहे कई सवाल

इंदौर. एलएक्स होटल के कमरा नंबर 101 में ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की मौत का मामला अब कई सवालों के बीच उलझ गया है. सोनिला के होटल पहुंचने के करीब एक घंटे बाद पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल कमरे में पहुंचा था. करीब 40 मिनट बाद वह बाहर निकला और होटल स्टाफ को सोनिला की तबीयत खराब होने और उसके बेहोश होने की बात बताई. शॉर्ट पीएम में फंदे से मौत का एंगल सामने आया है, जबकि पोस्टमॉर्टम की विस्तृत रिपोर्ट से ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा.

होटल के बाहर लगे सीसीटीवी में सफेद कार और उसके आसपास पांच युवक नजर आ रहे हैं. फुटेज में दो युवक सोनिला के शव को कार में रखते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान दीपक कार के पास खड़ा नजर आ रहा है. इसके बाद उसने होटल के एक कर्मचारी को इशारे से साथ चलने के लिए कहा, लेकिन कर्मचारी उसके साथ नहीं गया. पुलिस ने होटल का डीवीआर और जरूरी दस्तावेज जब्त कर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि दीपक ने अस्पताल से फोन कर घटना की जानकारी दी थी. परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो वहां दीपक से उनकी कहासुनी भी हुई, जिसके बाद वह अस्पताल से चला गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मोबाइल लोकेशन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों से घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.

दो साल से पति से अलग रह रही थी सोनिला

गुरुवार को एमवाय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. सोनिला के पति संजय पत्नी का शव देखकर भावुक हो गया. उसने बताया कि दोनों की शादी करीब 14 साल पहले ब्यावरा में हुई थी और दो बेटियां हैं. पिछले करीब एक साल से वह ब्यावरा में रह रहा था, जबकि सोनिला मुझसे अलग इंदौर में रह रही थी. दीपक के बारे में पूछने पर संजय ने कहा कि वह उसे जानता है, लेकिन फिलहाल इस मामले में बात नहीं करना चाहता. उसने सोनिला की तेरहवीं के कार्यक्रम के बाद पूरी बात बताने की बात कही.

पुलिस सूत्रों का कहना है कि दीपक खंडेलवाल सोनिला के परिवार को जानता था और परिवार से उसका मेलजोल भी था. दीपक शादीशुदा है और पालदा क्षेत्र में पाइप का कारोबार करता है. फिलहाल परिवार की ओर से दीपक पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद डॉक्टरों से हुई चर्चा में फंदे से मौत का एंगल सामने आया है. पीएम रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा. फरार दीपक खंडेलवाल की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं. बहरहाल पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है.

Next Post

नाबालिग को मुंबई ले जाने वाला आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

Sat Sep 12 , 2026
इंदौर. हीरानगर क्षेत्र की 17 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ मुंबई ले जाकर दुष्कर्म और मारपीट करने के आरोपी को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ नाबालिग के बयान पर दुष्कर्म और अपहरण का प्रकरण दर्ज किया है. मुंबई रेलवे स्टेशन पर किशोरी के […]

You May Like