
इंदौर. हीरानगर क्षेत्र की 17 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ मुंबई ले जाकर दुष्कर्म और मारपीट करने के आरोपी को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ नाबालिग के बयान पर दुष्कर्म और अपहरण का प्रकरण दर्ज किया है. मुंबई रेलवे स्टेशन पर किशोरी के साथ विवाद और मारपीट के दौरान स्थानीय पुलिस पहुंची तो आरोपी मौके से भाग निकला था.
पुलिस के अनुसार, शारदा नगर निवासी किशोरी की विजयनगर निवासी जयेश पिता अजय पांडे से दोस्ती थी. कुछ समय पहले जयेश उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ मुंबई ले गया. करीब पांच दिन पहले मारपीट के बाद किशोरी उसके चंगुल से निकल गई और इंदौर लौटने की कोशिश करने लगी. मुंबई रेलवे स्टेशन पर आरोपी ने उसके साथ फिर मारपीट की. इसी दौरान स्थानीय पुलिस के पहुंचने पर वह फरार हो गया.
मुंबई पुलिस ने केस दर्ज कर इंदौर पुलिस को सौंपा
किशोरी के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुंबई पुलिस ने दुष्कर्म और अपहरण का मामला दर्ज कर प्रकरण हीरानगर पुलिस को सौंपा. पुलिस को जांच के दौरान आरोपी के जयपुर में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम जयपुर पहुंची और शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर इंदौर लाया गया. मामले में थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, उसके खिलाफ पहले से चोरी और मारपीट के साथ ही कई अपराध दर्ज हैं.
