दाल खाने के बाद एक ही परिवार के 6 लोग बीमार

छतरपुर। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बंधवार में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। घर में बनी दाल खाने के बाद एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से बीमार हो गए। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर पहले बड़ामलहरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर उन्हें जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया।

परिजनों के अनुसार परिवार के सभी सदस्यों ने शनिवार रात भोजन में चने और उड़द की दाल खाई थी। भोजन के कुछ समय बाद ही सभी को जी मिचलाना, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। एक साथ पूरे परिवार की तबीयत बिगड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों और परिजनों की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

बीमार होने वालों में देशपाल सिंह बुंदेला (35), हीरा राजा (35), उमा राजा (40), अनन्या राजा (13), राज राजा (12) और गोलू राजा (10) शामिल हैं। इनमें तीन बच्चे भी हैं।

बड़ामलहरा अस्पताल में दिनभर उपचार के दौरान मरीजों को दवाइयां और ड्रिप दी गई, लेकिन शरीर में पानी की कमी और लगातार बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

Next Post

पहली तेज बारिश के बाद सड़क पर जलभराव, नालियों का कचरा फैला

Mon Jun 1 , 2026
सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली क्षेत्र में रविवार शाम करीब 40 मिनट तक हुई तेज बारिश के बाद तालाब रोड स्थित हरिहर सेठ मार्ग पर चक्की के पास सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई। यह क्षेत्र नगर निगम के वार्ड क्रमांक 31 और 40 की सीमा में स्थित है। बारिश […]

You May Like