मस्क अक्टूबर की शुरुआत में ही 500 बिलियन डॉलर की संपत्ति का आंकड़ा छूने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बने थे। बीते 10 सालों में मस्क की संपत्ति 34 गुना बढ़ी है।
टेस्ला के शेयरधारकों ने सीईओ एलन मस्क के लिए अब तक का सबसे बड़ा वेतन पैकेज मंजूर कर दिया है। यह पैकेज करीब 1 ट्रिलियन डॉलर (लगभग ₹83 लाख करोड़) का है। इस फैसले के बाद मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की दौड़ में शामिल हो गए हैं। हालांकि, मस्क को यह पैकेज पाने के लिए कंपनी के टारगेट भी पूरे करने होंगे। जिसके लिए अधिकतम 10 साल का समय दिया गया है।
गुरुवार को कंपनी की एनुअल मीटिंग में 75% से ज्यादा शेयरधारकों ने इस पैकेज के पक्ष में वोट किया। इसके बाद मंच पर पहुंचकर मस्क ने डांस किया और कहा कि हम अब टेस्ला के भविष्य का सिर्फ नया चैप्टर नहीं, बल्कि एक नई किताब शुरू कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर यह प्रस्ताव खारिज होता, तो मस्क सीईओ पद छोड़ने पर विचार कर सकते थे। मस्क ने यह शेयरधारकों को पद छोड़ने की चेतावनी दी थी।
