धमतरी, 19 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के धमतरी नगर निगम पर करोड़ों रुपये का बिजली बकाया बोझ बन चुका है। पिछले चार साल से निगम बिजली बिल अदा नहीं कर पा रहा है, जिसकी राशि अब बढ़कर करीब 10 करोड़ रुपये तक पहुंच गयी है।
नगर निगम का कहना है कि आर्थिक संकट से उबरने और बिजली खर्च में कटौती करने के लिए अब सोलर ऊर्जा अपनाने की योजना बनाई जा रही है।
महापौर रामू रोहरा ने आज बताया कि निगम का सालाना बिजली खर्च करीब ढाई करोड़ रुपये है। यदि सोलर प्रोजेक्ट लागू हो जाता है तो इसमें 80 प्रतिशत तक की बचत संभव है।
महापौर रोहरा ने कहा कि बकाया बिजली बिल के समाधान और सोलर प्रोजेक्ट के लिए सरकार से मदद मांगी गई है। उनका मानना है कि सोलर ऊर्जा अपनाने से नगर निगम पर आर्थिक बोझ काफी हद तक कम हो जाएगा।
