
सिंगरौली। सिंगरौली में आज शुक्रवार की दोपहर भूकंप के झटके दर्ज किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 मापी गई। भूकंप दोपहर 2 बजकर 47 मिनट 39 सेकंड पर आया। इसका केंद्र सिंगरौली जिले में 24.238, उत्तरी अक्षांश और 82.558, पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
एनसीएस के रिकॉर्ड के मुताबिक भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। एजेंसी ने इसे रिव्यूड श्रेणी में दर्ज किया है और इसे सिंगरौली, म.प्र. क्षेत्र का भूकंप बताया है। रिकॉर्ड में इसका स्थान अंबिकापुर से करीब 138 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में दर्शाया गया है। भूकंप की तीव्रता कम होने के बावजूद झटके महसूस होने से लोगों में कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति बनी। फिलहाल उपलब्ध आधिकारिक रिकॉर्ड में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस संबंध में चर्चा के साथ-साथ बताया जा रहा है कि एनसीएस के आधिकारिक रिकॉर्ड में समय 14:47:39 आईएसटी तीव्रता 3.4 और गहराई 10 किमी दर्ज है।
डेढ़ माह में चार बार कांपी सिंगरौली की धरती
सिंगरौली में पिछले करीब डेढ़ माह के दौरान भूकंप के चार झटके दर्ज किए गए हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार 17 जुलाई, 26 जुलाई, 8 अगस्त और आज 21 अगस्त को जिले के आसपास भूकंपीय गतिविधियां दर्ज हुईं। लगातार सामने आ रहे झटकों ने क्षेत्र में भूकंप को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रिकॉर्ड के मुताबिक 17 जुलाई को 3.4, 26 जुलाई को 3.4, 8 अगस्त को 3.7 और 21 अगस्त को 3.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इनमें सबसे अधिक तीव्रता 8 अगस्त को 3.7 रही। इन घटनाओं की गहराई करीब 7 से 10 किलोमीटर के बीच दर्ज की गई। आज 21 अगस्त को दोपहर 2 बजकर 47 मिनट 39 सेकंड पर 3.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ। इसका केंद्र सिंगरौली क्षेत्र में जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है।
