
इंदौर. सदर बाजार इलाके में रात्रि गश्त के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कुख्यात बदमाश की तलाशी लेने पहुंचे पुलिसकर्मी को उसके साथियों ने घेर लिया. करीब एक दर्जन लोगों की मौजूदगी में बदमाश ने न सिर्फ पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया, बल्कि धक्का देकर मौके से भाग निकला. पूरी घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया है.
घटना 11 दिसंबर की रात सदर बाजार कब्रिस्तान के पास की बताई जा रही है. क्षेत्र का शातिर बदमाश शाकाल, जिस पर दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, देर रात खुले स्थान पर आग तापते हुए बैठा था. इसी दौरान गश्त करते हुए सदर बाजार थाने के हेड कॉन्स्टेबल धीरेन्द्र राठौर वहां पहुंचे और संदेह के आधार पर उसकी चेकिंग शुरू की. तलाशी के दौरान शाकाल उग्र हो गया और मौके पर मौजूद अपने साथियों को बुला लिया. आरोप है कि बदमाश ने पुलिसकर्मी को घेरते हुए वीडियो बनवाना शुरू कर दिया और चेकिंग का विरोध किया. हेड कॉन्स्टेबल ने स्थिति संभालते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने की बात कही, लेकिन इसी बीच शाकाल ने उन्हें धक्का दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी यशवंत बडोले मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू कराई गई. वहीं मामले में एसीपी विवेक सिंह का कहना है कि यह कार्रवाई पुलिस की नियमित चेकिंग का हिस्सा थी. आरोपी शाकाल पुराना हिस्ट्रीशीटर है और ऐसे तत्वों की निगरानी के निर्देश वरिष्ठ स्तर से दिए गए हैं. पुलिसकर्मी पूरी तरह ड्यूटी के तहत कार्रवाई कर रहे थे. उनका कहना है कि फरार बदमाश और उसके साथियों की पहचान कर ली गई है. वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
