
इंदौर. शहर की युवा पीढ़ी को नशे की गर्त में धकेलने की साजिश को क्राइम ब्रांच ने समय रहते नाकाम कर दिया. पुलिस ने मंदसौर से आए दो ड्रग्स तस्करों को एमआर 10 ब्रिज के नीचे दबोचकर उनके कब्जे से 151 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है. आरोपी सस्ते दाम पर नशा लाकर शहर में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चल रही कार्रवाई के तहत क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेट्रो लाइन पिलर नम्बर 401 के सामने, एमआर-10 ब्रिज के नीचे दो व्यक्ति एमडी ड्रग्स की तस्करी के इरादे से आने वाले हैं. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने दबिश देकर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंदसौर के गोंदी चौक निवासी 29 वर्षीय खालिद पिता मुबारिक हुसैन और 26 वर्षीय नदीम पिता अजीज खान के रूप में हुई है. खालिद स्थानीय स्तर पर इत्र की दुकान चलाता है और आदतन नशा तस्कर मोहम्मद गनी का सहयोगी रह चुका है. वहीं, नदीम ऑटो चालक है और वह भी नशे के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है. दोनों आरोपियों के कब्जे से 151 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई. पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि वे यह नशीला पदार्थ इंदौर के विभिन्न इलाकों में छोटे स्तर पर बेचते थे. उनकी मंशा युवाओं को इसकी लत लगाकर नियमित खरीदार बनाने की थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की यह खेप इंदौर कैसे पहुंचाई गई और इस गिरोह के तार और कहां-कहां फैले हुए हैं. मामले में एडीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि इस तरह के ऑपरेशन लगातार चलाए जाएंगे ताकि शहर में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके.
