इंदौर: निगर निगम अपनी सुस्ती के चलते पहले तो विकास कार्य में विलंब करती है, जिससे लोगों को कई असुविधाओं का सामना करना पड़ता है और दूसरा यह कि जब निर्माण कार्य करती है तो उसमें घोर लापरवाही करती है जिससें कई अनहोनी होती है जिससे कई लोग अपनी जाने भी गवां चुके हैं. फिर भी नगर निगम अपनी आदतों में सुधार नहीं लाती.फूटी कोठी क्षेत्र में आने वाला वार्ड क्रमांक 85 में विकास कार्य के दौरान लापरवाही का ऐसा ही एक मामला सामने आया है.
वार्ड के प्रजापति नगर का मुख्य मार्ग जिससे आसपास की छः-सात कॉलोनियां जुड़ती है. यह मार्ग पिछले कई वर्षों से जर्जर हालातों में पड़ा हुआ है. सैकड़ों छोटे-बड़े गड्ढों ने राहगिरों का चलना दुभर कर रखा था. नवभारत ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था. आज जब दस वर्ष बाद इस मार्ग का कार्य हो रहा है तो नगर निगम के अधिकारी कई तरह की लापरवाही कर रहे हैं.
सड़क कार्य के दौरान एक बड़ा गढ्ढा किया गया है जिसमें बरसात का पानी भरा हुआ रहता है. नगर निगम के अधिकारियों ने इसे नज़रअंदाज़ किया है. न तो इस बड़े से गड्ढे से पानी निकाला गया है और न ही गड्ढे को मिट्टी डालकर बंद किया गया. इतना ही नहीं इसके आस-पास सुरक्षा के कोई इंतज़ाम नहीं किए गए. यह बड़ा सवाल है कि क्या नगर निगम प्रशासन कोई बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है क्योंकि अक्सर घटना होने के बाद ही अधिकारियों की नींद खुलती है और वहां आनन-फानन में बंदोबस्त करते हैं.
इनका कहना है
गढ्ढा खोद कर छोड़ दिया. कोई सुनता ही नहीं है पार्षद को भी कहां लेकिन कुछ नही हुआ मैं खुद गढ्ढें में गिर चुका हूं गनिमत कोई अनहोनी नहीं हुई.
– कुंवर लाल
यह गड्ढा सावन के पहले से खोदा गया है. खुल्ला होने से खतरा है. रात के अंधेरे में यह दिखाई नहीं देता. स्कूल के बच्चे भी यहां से निकलते हैं.
– हरि सिंह
सुरक्षा के लिए सभी गढ्ढों के आसपास कुछ लगा देना चाहिए. जल्दी इस सड़क का कार्य कर देना चाहिए ताकि आने-जाने वाले लोगों की परेशानी ख़त्म हो. नानू राम
