
मानपुर/उमरिया। मानपुर तहसील के ग्राम मझौली के चहली मोड़ पर सड़क निर्माण को लेकर उठा विवाद चक्का जाम में बदल गया। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस की फायरब्रांड नेता, पूर्व प्रदेश महामंत्री और जनपद सदस्य सुश्री रोशनी सिंह सहित कई ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने ताला से पनपथा तक वन भूमि से होकर सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रारंभ में आंदोलन शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में जनपद सदस्य रोशनी सिंह मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया। प्रदर्शन के दौरान आवागमन बाधित होने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
थाना मानपुर पुलिस ने बताया कि बिना अनुमति रोड ब्लॉक कर यातायात बाधित करना अपराध की श्रेणी में आता है। इस आधार पर पुलिस ने जनपद सदस्य रोशनी सिंह, रमाकांत पांडे, रमेश चौधरी, रामनरेश राय, मोतीलाल जायसवाल समेत करीब 30 से 35 ग्रामीणों के खिलाफ धारा 189(2) और 126(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इधर, कांग्रेस नेत्री रोशनी सिंह ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से राजनीतिक प्रताड़ना और साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना पहले ही प्रशासन को दे दी गई थी। सिंह ने बताया कि उन्होंने हाल ही में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की सीमा से सटे जरवाही नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ शिकायत की थी। विरोध के बाद अवैध खनन रोका गया था।
रोशनी सिंह ने आरोप लगाया कि दोबारा अवैध खनन शुरू कर उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया गया, ताकि वे गरीब, आदिवासी और किसानों की आवाज न उठा सकें।
उन्होंने कहा मैं पीछे नहीं हटूंगी। जब तक जान है, मैं गरीबों और मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ती रहूंगी।
स्थानीय स्तर पर यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। देखना होगा कि सड़क निर्माण और अवैध खनन को लेकर उठी यह जंग आखिर किस दिशा में जाती है।
