
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को देश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में हुआ यह समझौता डिजिटल इंडिया और भारतीय निर्यातकों के लिए निर्णायक छलांग साबित होगा।
सीएम ने अपने संदेश में उल्लेख किया कि टैरिफ में कमी और तकनीकी सहयोग के विस्तार से भारतीय उद्योगों को वैश्विक स्तर पर मजबूती मिलेगी। साथ ही सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को नए बाजार उपलब्ध होंगे और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि यह समझौता स्पष्ट नीति, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय हित को केंद्र में रखकर विकास की दिशा में आगे बढ़ने का प्रतीक है, जिससे देश की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी।
