आयकर विभाग का स्टेनोग्राफर 1.5 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

चेन्नई, (वार्ता) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को आयकर विभाग, चेन्नई में कार्यरत एक स्टेनोग्राफर को 1.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

सीबीआई की विज्ञप्ति के अनुसार, नॉन-कॉरपोरेट वार्ड–आयकर विभाग में कार्यरत स्टेनोग्राफर अभिनंदन सिंह को शिकायतकर्ता से 1,50,000 रुपये की अवैध राशि की मांग और स्वीकार करते समय गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था। आरोप है कि आरोपी ने आकलन वर्ष 2020-21 के लिए लंबित 19 लाख रुपये के आयकर बकाये को समाप्त (नलिफाई) करने के बदले 10 प्रतिशत रिश्वत की मांग की थी।

सीबीआई ने आज योजनाबद्ध जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए पकड़ लिया। रिश्वत की राशि स्टेनोग्राफर के पास से बरामद कर ली गई। इसके बाद की गई कार्रवाई में सीबीआई की विशेष टीमों ने आरोपी के आवासीय परिसरों पर छापेमारी की, जहां से आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए।

आरोपी को गिरफ्तार कर आज चेन्नई की सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले की जांच जारी है।

 

 

Next Post

यात्रा लेखक पद्मश्री ह्यू गैंटज़र का मसूरी में निधन

Wed Feb 4 , 2026
देहरादून (वार्ता) प्रसिद्ध यात्रा लेखक पद्मश्री ह्यू गैंटज़र का उत्तराखंड के मसूरी में मंगलवार को निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे। उन्होंने मसूरी स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन पर विभिन्न संगठनों, लेखकों ने गहरा दुख व्यक्त किया। नौसेना में कमांडर से सेवानिवृत्ति के बाद […]

You May Like