रिकलटन का नाबाद शतक, मुम्बई इंडियंस ने बनाये पांच विकेट पर 243 रन

मुम्बई 29 अप्रैल (वार्ता) रायन रिकलटन (नाबाद 123), विल जैक्स ( 46) और हार्दिक पंड्या (31) की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर मुम्बई इंडियंस ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 41वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

आज यहां मुम्बई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई के लिए विल जैक्स और रायन रिकलटन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़कर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। आठवें ओवर में नीतीश कुमार रेड्डी ने विल जैक्स को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। विल जैक्स ने 22 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए 46 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में इशान मलिंगा ने सूर्यकुमार यादव (पांच) को अपना शिकार बना लिया। नमन धीर ने 17 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाये। उन्हें प्रफुल्ल हिंगे ने आउट किया। इसी दौरान रायन रिकलटन ने 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। जो मुम्बई इंडियंस की ओर बनाया गया सबसे तेज शतक है।

19वें ओवर की पहली ही गेंद पर साकिब हुसैन ने हार्दिक का शिकार कर लिया। हार्दिक पंड्या ने 15 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (31) रन बनाये। आखिरी ओवर में तिलक वर्मा (सात) हिंगे का शिकार बने। मुम्बई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। रायन रिकलटन ने 55 गेंदों 10 चौके और आठ छक्के उड़ाते हुए नाबाद 123 रनों की पारी खेली।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए प्रफुल्ल हिंगे ने दो विकेट लिये। इशान मलिंगा, साकिब हुसैन और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

ईरानी सांसद का बयान, होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण नहीं छोड़ेगा ईरान

Wed Apr 29 , 2026
तेहरान, 29 अप्रैल (वार्ता) ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष अलाउद्दीन बोरुजेर्दी ने बुधवार को संसद को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका की धमकियों के जवाब में ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण कभी नहीं छोड़ेगा। सरकारी मीडिया के प्रसारित बयानों में श्री बोरुजेर्दी ने दावा किया कि […]

You May Like