
जबलपुर। मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। कभी धूप अपने तेवर दिखा रही है तो कभी बादल डेरा डाल रहे है। सोमवार को सुबह से चटक धूप निकली। दिनभर सूर्यदेव के तेवर उग्र रहे। चिलचिलाती गर्मी ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी। मौसम विभाग की माने तो गर्मी का सितम अभी और बढ़ेगा। आने वाले 14 -18 अप्रैल तक जिले में दिन एवं रात का तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस एवं 22 से 24 डिग्री सेल्सियस चढऩे की संभवना है। जिस कारण 17-18 अप्रैल को लू भी चल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान और संलग्न राजस्थान माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। उत्तर-दक्षिण ट्रफ, उत्तर-पूर्व बिहार के ऊपर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण से लेकर दक्षिण तमिलनाडु तक, झारखंड, उत्तर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और आंतरिक कर्नाटक होते हुए माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर, माध्य समुद्र तल से 13.5 किमी की ऊंचाई पर लगभग 222 किमी प्रति घंटे की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ, 15 अप्रैल की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।
ऐसा रहा तापमान-
सोमवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 38 और शाम को 17 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाएं 5 से 6 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली ।
