भोपाल। वर्धमान नगर दाता कॉलोनी स्थित श्री महावीर जैन मंदिर में चल रहे श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। विधान मंडल पर मंगल कलश की स्थापना कर इंद्र-इंद्राणियों ने मंत्रोच्चार के साथ मांगलिक क्रियाएं संपन्न कीं और 556 अर्घ्य अर्पित किए। प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि जिनालय में आकर्षक विधान मंडल सजाया गया है। देव, शास्त्र और गुरु पूजा के साथ आचार्य विद्यासागर महाराज एवं आचार्य समय सागर महाराज के प्रति गुरु वंदना की गई। प्रतिष्ठाचार्य प्रकाश छोटू भैया ने विधान के महत्व पर प्रकाश डाला। भजनों के साथ हुई आराधना में श्रद्धालुओं ने श्रीफल अर्पित कर विश्व शांति और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
