लॉस एंजिल्स, 07 मार्च (वार्ता) स्पेसएक्स के विशाल स्टारशिप रॉकेट के टेक्सास से गुरुवार को लॉन्च होने के कुछ ही देर बाद रॉकेट में विस्फोट हो गया, जिससे उड़ानें रोकनी पड़ीं और अंतरिक्ष यान के मलबे के गिरने की चेतावनी दी गई।
स्पेसएक्स ने पुष्टि की कि अंतरिक्ष में ऊपर उठते हुए बिना चालक दल के जहाज को तेजी से अनिर्धारित विघटन का सामना करना पड़ा, और जमीन से उसका संपर्क टूट गया।
विशाल स्पेसएक्स स्टारशिप, जो अब तक का सबसे बड़ा रॉकेट है, लॉन्च के कुछ ही देर बाद नियंत्रण से बाहर हो गया। किसी भी तरह की चोट या क्षति की सूचना नहीं मिली है लेकिन कैरिबियन सागर के द्वीप देशों से प्राप्त तस्वीरों में आसमान से आग के मलबे की बारिश होती दिखाई दे रही है।
यह रॉकेट का परीक्षण करने वाला आठवां मिशन था, और यह लगातार दूसरी बार विफल हुआ।
123 मीटर (403 फीट) लंबा यह अंतरिक्ष यान एक घंटे की उड़ान के बाद हिंद महासागर के ऊपर से पृथ्वी की कक्षा में फिर से प्रवेश करने वाला था।
इसका सुपर हैवी बूस्टर जो राकेट को जमीन से उड़ान भरने में मदद करता है, लॉन्चपैड पर वापस लौटने में सफल रहा।
अरबपति एलन मस्क के स्वामित्व वाली स्पेसएक्स ने कहा कि टीमों ने तुरंत पूर्व-नियोजित आकस्मिक प्रतिक्रियाओं के लिए सुरक्षा अधिकारियों के साथ समन्वय करना शुरू कर दिया। बयान में कहा गया कि स्पेसएक्स मिसफायर के मूल कारण को बेहतर ढंग से समझने के लिए” डेटा की समीक्षा करेगा। बयान के अनुसार, विस्फोट कई इंजनों के नष्ट होने के बाद हुआ।
श्री मस्क ने विस्फोट पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।

