सारनी। ग्राम पंचायत सलैया के पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में 30 मार्च से 7 अप्रैल तक आयोजित होने जा रहे नव दिवसीय संगीतमय श्रीराम महायज्ञ एवं श्रीराम कथा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।संपूर्ण ग्राम और आसपास के क्षेत्रों में भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण निर्मित हो चुका है।इस दिव्य आयोजन का सानिध्य बैकुंठ धाम आश्रम के संस्थापक पूज्य सीताराम दादा जी प्रदान करेंगे,वहीं उत्तरप्रदेश के वृंदावन से पधारीं कथा वाचिका राधा शर्मा अपने मधुर,भावपूर्ण और रसपूर्ण वाचन से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा के अमृत में सराबोर करेंगी।आयोजन समिति के अनुसार,पंचमुखी हनुमान मंदिर में यह तीसरा महायज्ञ है,जिसे इस बार विशेष भव्यता और आध्यात्मिक गरिमा के साथ आयोजित किया जा रहा है। कथा के दौरान रामायण की पावन चौपाइयों का गूंजता पाठ वातावरण को भक्तिमय बनाएगा श्रीगुरु चरन सरोज रज,निज मन मुकुरु सुधारि।
बरनउँ रघुबर बिमल जसु,जो दायक फल चारि॥सियावर रामचंद्र की जय,पवनसुत हनुमान की जय इन चौपाइयों के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति,मर्यादा,त्याग और धर्म के आदर्शों को आत्मसात करेंगे।कथा के प्रसंगों में भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न आयामों वनवास,भ्रातृ प्रेम,सीता हरण,रावण वध और रामराज्य की स्थापना का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।इस महायज्ञ के साथ ही सीताराम दरबार एवं बाबा भोलेनाथ की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा,जो इस आयोजन को और अधिक दिव्यता प्रदान करेगा। विशेष रूप से 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के पावन अवसर पर यह आयोजन चरम पर पहुंचेगा,जहां भक्तजन बजरंगबली की आराधना में लीन होंगे।
आयोजन समिति ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस नव दिवसीय कथा एवं महायज्ञ में भाग लें और पुण्य लाभ अर्जित करें। बताया जाता है कि पूज्य सीताराम दादा जी के सानिध्य में अब तक मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में 253 से अधिक महायज्ञों का सफल आयोजन किया जा चुका है,जिससे यह आयोजन क्षेत्र के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है।
सलैया की पावन धरा पर गूंजेगा राम नाम,और भक्तों के हृदय में बसेगा भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का उजास।
