जबलपुर: नगर निगम ने करदाताओं के लिए महत्वपूर्ण और राहत कारी सूचना जारी की है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति में अब मात्र 6 दिन शेष रह गए हैं। यदि आप अपने बकाया करों संपत्ति कर, जल कर आदि पर अधिभार से बचना चाहते हैं, तो 31 मार्च तक का समय आपके लिए बेहद कीमती है। 1 अप्रैल से बकाया राशि पर डबल सरचार्ज लागू हो जाएगा।राजस्व वसूली की गंभीरता को देखते हुए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार सख्त में नजर आए।
उन्होंने बुधवार को राजस्व, स्वास्थ्य, बाजार और जल विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कर संग्रहण के निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाए। बैठक के दौरान निगमायुक्त ने विभागवार प्रगति की रिपोर्ट देखी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जो अधिकारी या कर्मचारी अपने निर्धारित टारगेट को पूरा करने में विफल रहेंगे, उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
