भोपाल में छाया अभ्युदय मध्यप्रदेश का उत्सव, लोक-संस्कृति और जनजातीय परंपराओं की झलक से सजा शहर

भोपाल। मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस समारोह अभ्युदय मध्यप्रदेश के पूर्वरंग के तहत गुरुवार को राजधानी भोपाल लोक एवं जनजातीय संस्कृति के रंगों में रंगी नजर आई। शहर के विभिन्न मार्गों और चौराहों पर निकलीं भव्य सांस्कृतिक यात्राओं ने मध्यप्रदेश की विविधतापूर्ण परंपराओं की अद्भुत झलक प्रस्तुत की।

लोक और जनजातीय अंचलों से आए कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में अपने-अपने नृत्यों की प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध करते रहे। युवाओं ने उत्साहपूर्वक कलाकारों के साथ तस्वीरें लीं, वहीं नागरिकों ने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर गर्व व्यक्त किया।

सांस्कृतिक यात्राएं दोपहर 2 बजे शहर के विभिन्न स्थानों से प्रारंभ हुईं। बैरागढ़ से शुरू होकर लालघाटी, हलालपुरा, गुफा मंदिर, द्रौणाचल कैंट, एयरपोर्ट रोड होते हुए हमीदिया चौराहा तक पहुंची यात्रा में उज्जैन की स्वाति उखले एवं साथियों ने मालवा का पारंपरिक मटकी नृत्य और बैतूल के अर्जुन बाघमारे एवं साथियों ने ठाठ्या नृत्य प्रस्तुत किया।

सीपेट जेके रोड से प्रारंभ यात्रा में सीधी के कलाकारों ने घसियाबाजा और अहिराई नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। वहीं, कोलार डीमार्ट से आरंभ यात्रा में खंडवा की अनुजा जोशी एवं साथियों ने गणगौर नृत्य और डिंडोरी के तुलेश्वर भार्वे एवं दल ने गुदुमबाजा नृत्य प्रस्तुत किया।

सूरज नगर, शाहपुरा, अशोका गार्डन और कोहेफिजा मार्गों पर बधाई, अहिराई और ढिमरायाई नृत्यों की मनमोहक झलक ने भोपाल को उत्सवमय बना दिया। पूरा शहर अभ्युदय मध्यप्रदेश के उद्घोष से गूंज उठा और लोक-संस्कृति के रंगों से सरोबार हो गया।

Next Post

प्रसव के बाद महिला की मौत पर परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम 

Thu Oct 30 , 2025
सीधी ।प्रसव के बाद एक महिला की मौत पर आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने स्थानीय अस्पताल चौक पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। उन्होने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। बाद में एसडीएम के मौके पर पहुंचने और कार्रवाई के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित […]

You May Like