MP के रायसेन में सोमवार को एक अद्भुत और मजेदार नजारा देखने को मिला। यहां टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की फिरकी पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बल्ला घुमाया
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार को एक अद्भुत और मजेदार नजारा देखने को मिला। यहां भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की फिरकी पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बल्ला घुमाया। जैसे ही जडेजा ने गेंद फेंकी, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने एक जोरदार शॉट खेलकर चौका जड़ दिया। यह देखकर वहां मौजूद हजारों दर्शक खुशी से झूम उठे।
यह दिलचस्प वाकया रायसेन में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह के दौरान हुआ। शिवराज सिंह चौहान के शॉट पर खुद गेंदबाज रविंद्र जडेजा ने भी ताली बजाकर उनकी तारीफ की और उनका हौसला बढ़ाया। केंद्रीय मंत्री ने बाद में इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि क्रिकेट की पिच पर सर जडेजा के साथ।
इंटरनेशनल मैच जैसा माहौल
रविंद्र जडेजा इस कार्यक्रम की शान बढ़ाने के लिए विशेष रूप से रायसेन आए थे। शहर में उनके स्वागत में एक भव्य रोड शो निकाला गया। इस रोड शो में एक वाहन में रविंद्र जडेजा के साथ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी सवार थे।
भाजपा के कई अन्य प्रमुख नेता भी इस दौरान मौजूद रहे। स्टेडियम में पहुंचने पर जडेजा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। वहां उमड़ी भीड़ देखकर जडेजा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में इतने लोगों को देखकर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है मानो वह कोई इंटरनेशनल मैच देखने आए हों। उन्होंने लोगों के प्यार और समर्थन के लिए सबका दिल से शुक्रिया अदा किया।
जडेजा मतलब जीत का जश्न
कार्यक्रम में अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि रविंद्र जडेजा के सम्मान में जमकर तारीफों के पुल बांधे। उन्होंने जडेजा की परिभाषा बताते हुए कहा कि जडेजा का मतलब जज्बा, जुनून और जीत की पारी का जश्न है।
