सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी कोमल सेन निवासी गेहूरास तिराहा, जैसीनगर ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि कृषि मंडी गेट, जैसीनगर के पास रहने वाले मनोहर सेन ने अपनी पत्नी रश्मि सेन पर चरित्र शंका एवं आपसी संदेह के चलते धारदार कुल्हाड़ी से गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से जंगल की ओर फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल रश्मि सेन को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसीनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के आधार पर थाना जैसीनगर में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी मनोहर सेन लाल शर्ट एवं काले रंग की पैंट पहनकर केसली क्षेत्र के वनदेवी जंगल की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना जैसीनगर पुलिस ने तत्काल थाना केसली पुलिस से समन्वय स्थापित किया और संयुक्त रूप से घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार कुल्हाड़ी बरामद की गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गयाप्रारंभिक विवेचना में सामने आया कि आरोपी ने अपनी पत्नी पर संदेह के चलते आवेश में आकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच कर रही ।
