
बेंगलुरु, 31 अगस्त (वार्ता) वैभव सूर्यवंशी (92) और अभिमन्यु ईश्वरन (69) की शानदार पारियों के बाद मुकेश कुमार (दो विकेट) और मोहम्मद शमी (एक विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत पूर्वी क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में दूसरे दिन सोमवार को मध्य क्षेत्र के 45 रन पर तीन विकेट झटककर मैच पर अपनी पकड़ बना ली।
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी मध्य क्षेत्र को मुकेश कुमार ने कुणाल चंदेला (दो) रन को आउट कर शुरुआती झटका दिया। इसके बाद 14वें ओवर में मोहम्मद शमी ने आर्यन जुयाल (आठ) रन का शिकार कर लिया। दिन का खेल समाप्त होने से पहले मुकेश कुमार ने कप्तान रजत पाटीदार (पांच) रन को भी पवेलियन भेज दिया। स्टंप्स के समय मध्य क्षेत्र ने तीन विकेट पर 45 रन बना लिये है। अमन मोखाड़े (नाबाद 23) और आर्यन पांडे (नाबाद चार) रन क्रीज पर मौजूद थे।
इससे पहले आज यहां वैभव सूर्यवंशी (92) और अभिमन्यु ईश्वरन (69) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर पूर्वी क्षेत्र ने मध्य क्षेत्र के खिलाफ पहली पारी में 266 रन बनाये। वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 161 रन जोड़कर अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। लेकिन उसके बाद विकेट लगातार गिरते रहे और पूर्वी क्षेत्र की टीम पहली पारी में बढ़त हासिल नहीं कर पाई। मध्य क्षेत्र ने भी अपनी पहली पारी में 266 रन बनाये थे।
26वें ओवर में हर्ष दुबे ने शतक की ओर बढ़ रहे वैभव सूर्यवंशी को आउट कर मध्य क्षेत्र को पहली सफलता दिलाई। सूर्यवंशी ने 81 गेंदों में सात चौके और सात छक्के लगाते हुए 92 रनों की आतिशी पारी खेली। इसी ओवर में हर्ष ने कुमार कुशाग्र (शून्य) का शिकार कर लिया। इसके बाद सुदीप कुमार घरामी ने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। 39वें ओवर में आर्यन पांडे ने अपना अर्धशतक पूरा कर चुके अभिमन्यु ईश्वरन (69) रन को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद पांडे ने 41वें ओवर में विराट सिंह (पांच) और सुदीप कुमार घरामी (25) काे आउट कर मध्य क्षेत्र की मैच में वापसी करा दी।
इसके बाद मध्यक्षेत्र के गेंदबाजों ने पूर्वी क्षेत्र के बल्लेबाजों को जमने का मौका नहीं दिया। कप्तान इशान किशन और अनूकुल रॉय (16-16) रन बनाकर आउट हुए। कुनैन क़ुरैशी (13) और अभिजीत सरकार (दो) रन बनाकर आउट हुये। 57वें ओवर में यश ठाकुर ने मुकेश कुमार (तीन) रन को बोल्ड कर 266 रन के स्कोर पर पूर्वी क्षेत्र की पहली पारी का समापन किया। मध्य क्षेत्र की ओर हर्ष दुबे ने चार विकेट लिये। यश ठाकुर और आर्यन पांडे को तीन-तीन विकेट मिले।
