मुंबई, 08 जून (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया सोमवार को 43 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.61 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 56 पैसे की मजबूती के साथ 95.18 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपया आज 17 पैसे की गिरावट में 95.35 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 95.16 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत भी हुआ, लेकिन बाद में फिर कमजोर पड़ गया। एक समय यह 95.75 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया था। अंत में 95.61 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में रही तेजी से रुपये पर दबाव देखा गया। कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा आज चार प्रतिशत मजबूत होकर 97 डॉलर प्रति बैरल के पास पहुंच गया। हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक के 0.2 प्रतिशत टूटने से भारतीय मुद्रा की गिरावट कुछ सीमित रही।
