बंगलादेश में चुनाव कराने के लिए एक तटस्थ सरकार की आवश्यकता: ए के अब्दुल मोमेन

नयी दिल्ली, 23 जनवरी (वार्ता) बंगलादेश के पूर्व विदेश मंत्री और अवामी लीग के नेता एके अब्दुल मोमेन ने शुक्रवार को मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाले अंतरिम प्रशासन की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि उनका देश अब अस्थिरता और आतंकवाद की ओर बढ़ रहा है।

श्री मोमेन ने दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि समय की मांग है कि मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली सरकार को बदला जाए और ‘चुनाव कराने के लिए एक तटस्थ सरकार का गठन किया जाए।’

अवामी लीग नेता ने यह भी आरोप लगाया कि यूनुस सरकार के तहत नियोजित चुनाव एक ‘दिखावा’ हैं, क्योंकि ‘अवामी लीग सहित प्रमुख राजनीतिक दलों को भाग लेने की अनुमति नहीं दी जा रही है।’ उन्होंने कहा कि ऐसी प्रक्रिया से ‘न तो लोकतंत्र बहाल होगा और न ही देश में राजनीतिक या आर्थिक स्थिरता आएगी।’

पूर्व विदेश मंत्री ने चेतावनी दी कि बंगलादेश तेजी से कट्टरपंथ और आतंकवाद की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने तर्क दिया कि वर्तमान राजनीतिक माहौल कट्टरपंथ और हिंसा को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने अंतरिम सरकार पर समाज के तीन वर्गों को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया- वे जो 1971 के मुक्ति संग्राम की भावना में विश्वास करते हैं, अवामी लीग के सदस्य व समर्थक तथा धार्मिक अल्पसंख्यक, विशेष रूप से हिंदू।

श्री मोमेन के अनुसार, वर्तमान प्रशासन के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों पर हमले तेज हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘कानून-व्यवस्था के ध्वस्त होने’ के बीच धार्मिक स्थलों, मजारों और अन्य विरासत स्थलों में तोड़फोड़ की जा रही है या उन्हें नष्ट किया जा रहा है।

अवामी लीग नेता ने कहा कि यूनुस सरकार एक तटस्थ कार्यवाहक के रूप में कार्य करने में विफल रही है और इसके बजाय उसने एक पक्षपाती और विभाजनकारी दृष्टिकोण अपनाया है जो सामाजिक दरारों को गहरा कर रहा है तथा राज्य के संस्थानों को कमजोर कर रहा है। उन्होंने आगाह किया कि बंगलादेश में निरंतर अस्थिरता के परिणाम इसकी सीमाओं के पार भी होंगे, जिसका क्षेत्रीय सुरक्षा पर प्रभाव पड़ेगा।

 

 

 

Next Post

अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

Fri Jan 23 , 2026
सीधी। जिले के एनएच-39 पर बढ़ौरा स्थित साक्षी कॉलेज के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल साइकिल सवार की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से महज एक घंटे के भीतर हो सकी। जानकारी के अनुसार मृतक मोतीलाल यादव निवासी […]

You May Like