
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) कार्यशाला में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय जागरूकता एवं निवेशक शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाना तथा उन्हें सुरक्षित एवं सोच-समझकर निवेश करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में एचआरडीसी के विभागाध्यक्ष आरिफ अहमद सिद्दीकी तथा कार्यशाला प्रबंधक कीर्ति सिंह उपस्थित रहे। सेबी के उप महाप्रबंधक जैनेन्द्र शांडिल्य और एनएसई के उप प्रबंधक अभिजीत नंदमेहर ने वित्तीय योजना, बचत, निवेश के विभिन्न विकल्पों तथा सुरक्षित निवेश के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने ओटीपी, यूपीआई, केवाईसी और फिशिंग जैसे साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों पर भी प्रकाश डालते हुए डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों की समझ का आकलन करने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी, व्यावहारिक और निवेश संबंधी जागरूकता बढ़ाने वाला बताया।
