सतना : जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ललचहा इटमा नाले में बीती रात रपटा पार करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया. उफान पर चल रहे नाले के तेज बहाव में एक अनियंत्रित बाइक बह गई. बाइक पर सवार तीन लोगों में से दो को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया, जबकि लापता तीसरे व्यक्ति का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद किया गया.मृतक की पहचान शराब दुकान के मैनेजर लवकुश गुप्ता के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार सेमरी निवासी बालेंद्र सिंह उर्फ गप्पू अपनी मोटरसाइकिल से गांव जा रहे थे.रास्ते में अमसिल निवासी दीपू पांडेय और शराब दुकान के मैनेजर लवकुश गुप्ता ने उनसे लिफ्ट ली.तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर ललचहा इटमा नाले के रपटे पर पहुंचे तभी पानी के तेज बहाव और फिसलन के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में समा गई.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने तत्काल संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने बालेंद्र और दीपू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.वहीं तेज धार में बहे लवकुश गुप्ता की तलाश के दौरान घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर उनका शव बरामद हुआ.पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इनका कहना है
तीन लोग एक बाइक पर सवार होकर नाला पार कर रहे थे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर बह गई.एसडीआरएफ की टीम ने दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया है, जबकि एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है.आमजन से अपील है कि तेज बहाव के दौरान रपटे या पुल को पार करने का जोखिम न उठाएं.
ऋषि नारायण सिंह
तहसीलदार, नागौद
