कलेक्टर व एसपी ने शहर भ्रमण के दौरान सड़क एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

सतना:कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने शनिवार को सतना शहर का भ्रमण कर सड़क, यातायात एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन की सुविधा एवं सुगम यातायात को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन से सोहावल की ओर भ्रमण पर जाते समय कल्याण पेट्रोल पंप के सामने सड़क की स्थिति खराब पाए जाने पर उन्होंने मौके पर अपना वाहन रुकवाया और सड़क का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने साथ चल रहे नगर निगम के अधिकारियों को सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात को व्यवस्थित रूप से डायवर्ट कर मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
इसके बाद कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सोहावल मोड़ पहुंचकर निर्माणाधीन मैहर-सतना सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं सड़क के आसपास जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सतना-नागौद सड़क मार्ग से आने वाले वर्षा जल की निकासी की व्यवस्था उचित रूप से नाले में सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान सड़क पर पानी जमा न हो और यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए जल निकासी की व्यवस्था प्रभावी एवं स्थायी रूप से सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ सिविल लाइन से कारगिल ढाबा तक के सडक मार्ग और कारगिल ढाबा से उचवा टोला तक मैहर बायपास के फोरलेन निर्माण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैहर बायपास पर सुगम यातायात की व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने मैहर बायपास के फोरलेन सडक निर्माण में आने वाली भूमि संबंधी बाधाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त शैलेंद्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम राहुल सिलडिया, तहसीलदार सौरभ मिश्रा सहित लोक निर्माण विभाग, नगर निगम एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित कार्यपालन यंत्री तथा संविदाकार उपस्थित रहे।

Next Post

बरसात में कीचड़ में तब्दील खैराही-मिसिरगवा पहुंच मार्ग, चार महीने तक पैदल चलना भी मुश्किल

Sun Aug 23 , 2026
सीधी: जिला मुख्यालय के समीपी ग्राम पंचायत बेंदुआ में खैराही से मिसिरगवां पहुंच मार्ग बारिश के चलते कीचड़ में तब्दील हो गया है। कच्चे मार्ग की हालत इतनी खराब हो गई है कि बरसात के करीब चार महीनों तक यहां से वाहन तो दूर पैदल आवागमन करना भी ग्रामीणों के […]

You May Like