अडानी पावर का पहली तिमाही का मुनाफा 47 प्रतिशत बढ़कर 4,867 करोड़ पर

मुंबई, 22 जुलाई (वार्ता) अडानी पावर को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 4,867 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जो सालाना आधार पर 47 प्रतिशत ऊपर है।

कंपनी के निदेशकमंडल की बुधवार को हुई बैठक के बाद वित्तीय परिणामों की घोषणा की गयी। अप्रैल-जून तिमाही के दौरान कंपनी का सतत परिचालन राजस्व 28 प्रतिशत बढ़कर 17,550 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान सतत परिचालन लाभ 6,983 करोड़ रुपये हो गया। इसमें 22 फीसदी की वृद्धि हुई है।

अडानी पावर ने बताया कि पहली तिमाही में ईंधन की लागत 30 प्रतिशत बढ़कर 9,513 करोड़ रुपये हो गयी। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 7,309 करोड़ रुपये रही थी।

वित्तीय परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अडानी पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस.बी. ख्यालिया ने कहा कि एक बार फिर सतत आधार पर रिकॉर्ड परिचालन लाभ अर्जित किया है। यह उसके सक्षम पोर्टफोलियो और परिचालन की उत्कृष्टता को रेखांकित करता है। उसके पोर्टफोलियो का आकार बढ़कर 45 गीगावाट पर पहुंच गया है।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस साल गर्मी के मौसम में तापमान सामान्य से अधिक रहने और लंबे समय तक लू चलने के कारण देश में बिजली की मांग मई में रिकॉर्ड 270.8 गीगावाट दर्ज की गयी। तिमाही में बिजली की खपत एक साल पहले के 8.4 प्रतिशत बढ़कर 485.4 अरब यूनिट पर पहुंच गयी।

 

 

Next Post

छात्रों पर लाठीचार्ज की डिम्पल यादव ने की निंदा, सरकार की नीयत पर उठाए सवाल

Wed Jul 22 , 2026
लखनऊ, 22 जुलाई (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिम्पल यादव ने छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी हमेशा छात्रों और नौजवानों के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। सपा की ओर से बुधवार को जारी बयान में कहा गया है […]

You May Like