लखनऊ, 22 जुलाई (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिम्पल यादव ने छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी हमेशा छात्रों और नौजवानों के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।
सपा की ओर से बुधवार को जारी बयान में कहा गया है कि संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान डिम्पल यादव ने आरोप लगाया कि देश के विभिन्न हिस्सों में छात्रों के साथ पुलिस का व्यवहार अत्यंत कठोर रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों और छात्राओं पर लाठीचार्ज किया गया, जिससे कई लोग घायल हुए। उनके अनुसार, छात्रों की मांगों के प्रति केंद्र सरकार की नीयत ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की तस्वीरें देखकर हर संवेदनशील व्यक्ति का मन दुखी है। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार “रामराज” की बात करती है, तो छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार उसकी अवधारणा के विपरीत है। उनका आरोप था कि वर्तमान सरकार में किसान, नौजवान, छात्र और समाज का हर वर्ग परेशान है।
डिम्पल यादव ने 20 जुलाई को दिल्ली में हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों के प्रति पुलिस और सरकार के रवैये की कड़ी निंदा करती है।समाजवादी पार्टी ने कहा कि वह छात्रों के मुद्दों पर उनके साथ खड़ी रहेगी और उनकी आवाज उठाती रहेगी।
