
सिंगरौली । राष्ट्रीय कोलियरी श्रमिक संघ सिंगरौली मध्यप्रदेश के तत्वाधान में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में बुधवार को जयंत परियोजना क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किया गया। संगठन कार्यालय ए-86, जयंत से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर गोल मार्केट स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया। इसके बाद कैंडल मार्च निकालकर नीट परीक्षा से जुड़े घटनाक्रम के बाद जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शांति सभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए महामंत्री लाल पुष्पराज सिंह ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि भविष्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक और मूलभूत सुधार किए जाएं, जिससे प्रत्येक विद्यार्थी को निष्पक्ष एवं समान अवसर मिल सके। प्रदर्शन के दौरान संगठन ने चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था तथा भारतीय शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार शामिल रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोलियरी श्रमिक संघ इंटक के केंद्रीय अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, महामंत्री लाल पुष्पराज सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष आरएन ओझा, उपाध्यक्ष विनोद पांडेय एवं राकेश पांडेय संयुक्त महामंत्री इंद्रेश कुमार एवं निरंजन झा सहित निरंजन सिंह, बृजेश यादव, रामाशंकर सिंह, ललन प्रसाद, शिव कुमार, तेजूलाल मरावी सहित अन्य संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
