इंदौर:सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले निलेश गौर को राज्य शासन की राह-वीर योजना के तहत सम्मानित किया गया.भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की राह-वीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने वाले नागरिकों को सम्मानित करने और प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है. इसी तारतम्य में कलेक्टर शिवम वर्मा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी. सम्मान समारोह कलेक्टर कार्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हासानी भी मौजूद रहे.
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर निलेश गौर ने अनुकरणीय कार्य किया है. उनके इस प्रयास से न केवल एक व्यक्ति की जान बच सकी, बल्कि समाज में मानवता और संवेदनशीलता का संदेश भी गया है. जानकारी के अनुसार 19 जून 2025 को इंदौर के कमलाकेशर नगर (कुशवाह नगर) निवासी नितेश मधुकर एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे. रिक्शा पलटने से उनके मुंह, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं. इस दौरान रामनगर निवासी निलेश गौर ने तत्परता दिखाते हुए घायल को गोल्डन ऑवर में तत्काल अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बचाई जा सकी.
