भोपाल। मंगलवार को राजधानी भोपाल की बड़ी रेल सौगात मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवनिर्मित निशातपुरा रेलवे स्टेशन से मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव भी निशातपुरा स्टेशन पर शुरू हो गया। अब इंदौर की ओर जाने वाली कई ट्रेनों का संचालन भी इसी स्टेशन से किया जाएगा। करीब तीन साल पहले बनकर तैयार हुआ यह स्टेशन अब पूरी तरह यात्रियों के लिए खोल दिया गया है और भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन गया है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, विधायक विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्टेशन से न केवल आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि व्यापार, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है और मध्य प्रदेश का रेल नेटवर्क पूरी तरह विद्युतीकृत हो चुका है।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन पूरे भोपाल, विशेष रूप से नरेला क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि स्टेशन को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी देने के लिए भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 (द्वारका नगर) से निशातपुरा तक देश का पहला 6 रेलवे ट्रैक पार करने वाला रेल ओवर ब्रिज (ROB) बनाया जा रहा है, जिससे लोगों का सफर पहले से अधिक आसान और तेज होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव निशातपुरा स्टेशन पर रहेगा। इन ट्रेनों का भोपाल रेलवे स्टेशन पर ठहराव समाप्त कर दिया जाएगा। इसलिए जिन यात्रियों ने पहले से भोपाल स्टेशन से टिकट बुक कराए हैं, उन्हें अब निर्धारित समय पर निशातपुरा रेलवे स्टेशन से ही ट्रेन पकड़नी होगी।
रेलवे का मानना है कि निशातपुरा स्टेशन के संचालन से भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और ट्रेनों का दबाव कम होगा, ट्रेन संचालन अधिक सुचारु होगा और भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी आसान होगा। यह स्टेशन राजधानी की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव भी उपलब्ध कराएगा।
