पटेरा तहसील कार्यालय में संयुक्त जनसुनवाई आयोजित, हटा एसडीएम सहित अधिकारियों ने सुनीं आमजन की समस्याएं

पटेरा/दमोह। कलेक्टर के निर्देशानुसार मंगलवार को पटेरा तहसील कार्यालय में संयुक्त जनसुनवाई का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे और क्षेत्रभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।

जनसुनवाई में हटा एसडीएम राकेश मरकाम, तहसीलदार प्रभारी , नायब तहसीलदार मानसी अग्रवाल सहित राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एक-एक कर आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए समाधान कराया। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान कुल 26 प्रकरणों का निराकरण किया गया, जिनमें 5 आयुष्मान कार्ड, 11 आधार कार्ड अपडेट तथा 10 स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित मामलों का समाधान किया गया। इसके अलावा आमजन ने राजस्व, सामाजिक योजनाओं एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्रस्तुत किए, जिन पर संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक निर्देश जारी किए।

हटा एसडीएम राकेश मरकाम ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करना है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे।

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्रशासन द्वारा सभी आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने लोगों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर अद्यतन कराने की भी अपील की।

Next Post

दहेज में ऑटो रिक्शा न मिलने पर पीटता था पति,पीडि़ता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

Tue Jul 28 , 2026
जबलपुर। पाटन छेंडी बरौंदा की रहने वाली महिला को शादी के बाद से दहेज में ऑटो रिक्शा की मांग कर प्रताडि़त किया जाने लगा। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीडि़ता राधा चौधरी की शादी […]

You May Like