सतना: मझगवां थाना परिसर में एसएएफ आवासीय भवन ढहने के अगले दिन महिला थाने की छत का प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई। रविवार शाम कोठी रोड स्थित महिला थाने के टीआई चेंबर और विवेचना कक्ष में प्लास्टर अचानक गिरा, सौभाग्य से उस समय टीआई श्वेता मौर्य और प्रधान आरक्षक अपनी कुर्सियों से उठ चुके थे, वरना गंभीर चोट लग सकती थी।
घटना के बाद खतरनाक हिस्से को बंद कर दिया गया। बरसात के कारण सीलन और पानी रिसाव से पुरानी इमारत की स्थिति जर्जर हो चुकी है। जिले में मझगवां, चित्रकूट, सभापुर समेत कई थानों व पुलिस कालोनियों के भवन खंडहरनुमा हालत में हैं, जहां पुलिसकर्मी परिवार सहित रहने को मजबूर हैं। कई बार पत्राचार के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
