सिंगरौली:जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली कविता त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित वीडियो को गंभीरता से लेते हुए कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 कृष्ण मुरारी सोनी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कर्मचारी से तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है, जिसमें कार्यालय कक्ष में किसी व्यक्ति से धनराशि लिए जाने का कथित दृश्य दिखाई दे रहा है। पत्र के अनुसार इस घटना से विभाग की छवि धूमिल होने तथा शासकीय सेवक के आचरण संबंधी नियमों के उल्लंघन का मामला प्रतीत होता है।
डीईओ ने कृष्ण मुरारी सोनी को निर्देशित किया है कि नोटिस प्राप्ति के तीन दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्ट एवं तथ्यात्मक जवाब प्रस्तुत करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया अथवा समाधानकारक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1966 के तहत एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
